ट्रस्ट की बैठक के लिए जाते श्रीराम जन्मभूति तीर्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास।
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने श्रीरामलला सरकार के मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोमवार को जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि श्रीरामलला सरकार के मंदिर में हुई चोरी से वे अत्यंत आहत हैं। जिसने भी यह पाप किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है कि इस मामले में जो भी व्यक्ति दोषी होगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था का विषय है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को अपने निजी या राजनीतिक हितों के लिए इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को सख्त से सख्त दंड देने की मांग की।
शंकराचार्य द्वार पर रहा कड़ा पहरा
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक को लेकर आद्य शंकराचार्य द्वार पर कड़ा पहरा रहा। बैठक पहली बार राम मंदिर परिसर में हुई। बैठक के लिए सभी ट्रस्टियों ने शंकराचार्य द्वार से ही मंदिर में प्रवेश किया। द्वार पर सुबह से ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तनाती कर दी गई थी। शंकराचार्य द्वार की ओर जाने वाली एक लेन को बंद कर दिया गया था। बैरीकेडिंग लगाकर लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी।