अयोध्या। मेडिकल कॉलेज में पिछले 25 दिन से खराब सीटी स्कैन मशीन आखिरकार बृहस्पतिवार को बन गई है। ऐसे में अब सीटी स्कैन जांच के लिए मरीजों को दर-दर भटकने से निजात मिलेगी। दूसरी मशीन भी लाइसेंस की प्रक्रिया के बाद शीघ्र ही चालू करने का दावा किया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज में पीपीपी मोड पर संचालित सीटी स्कैन मशीन बीते छह अप्रैल को खराब हो गई थी। जबकि, दूसरी मशीन चार माह से रखी होने के बावजूद भी नहीं चल सकी थी। ऐसे में मरीजों के समक्ष जान का संकट खड़ा हो गया था। गंभीर रोगियों की अस्पताल में जांच न होने से उनकी सांसें अटकने लगी थीं। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया तो जिम्मेदारों के कान पर जूं रेंगी।
खराब उपकरण का इंतजाम करके बृहस्पतिवार को मशीन दुरुस्त कराई गई और पहले ही दिन मरीजों की जांच भी शुरू हो गई। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी ट्रामा इंचार्ज डॉ. विनोद आर्या ने बताया कि मशीन बनकर तैयार हो गई है। अब 24 घंटे मरीजों की सीटी स्कैन जांच हे सकेगी।