अयोध्या। विश्व हिंदू परिषद के केंद्र रामसेवक पुरम में गुरुवार की दोपहर भीषण आग लग गई। आग के चलते लाखों का सामान जलकर राख हो गया है। सूचना के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। इसको लेकर विहिप ने नाराजगी जताई है।
विहिप के प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि घटना दोपहर करीब दो बजे की है। रामसेवक पुरम में विहिप एक धर्मशाला का निर्माण करा रही है। जिसमें 75 से अधिक मजदूर काम कर रहे हैं। इन मजदूरों के लिए रामसेवक पुरम में अस्थायी भवन (पीवीसी ब्लॉक) बनाया गया था जिसमें दोपहर आग लग गई। मजदूरों ने भोजन बनाने के लिए छोटे सिलिंडर भी रखे थे।
आग लगने से सिलेंडर में भी विस्फोट हो गया और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में पूरा ब्लॉक जल गया। जिसमें रखे मजदूरों के कपड़े, बरतन, अनाज आदि सामान जलकर राख हो गए। लाखों का नुकसान हुआ है।
सूचना पर पहले फायर बिग्रेड का छोटा वाहन आया जो आग बुझाने में नाकाफी साबित हो रहा था। इसके बाद विहिप के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाला। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जब आग बुझा ली गई तब फायर बिग्रेड की दो बड़ी गाड़ी पहुंची। अतिसंवेदनशील अयोध्या नगरी में अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि आग लगने के स्थान से कुछ ही दूरी पर रामलला की दो अन्य मूर्तियां भी रखी हैं, इन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शार्ट सर्किट या सिलिंडर विस्फोट से आग लगी है, इसकी जांच की जा रही है।
- एमपी सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी