अयोध्या। आप जिले के सरकारी अस्पतालों में लगे हेल्थ एटीएम से शरीर की कई जांचें कराना चाहते हैं तो भूल जाइए। यह सभी एटीएम ताले में बंद हैं। ऐसे में आपको निजी केंद्रों पर या अन्य संस्थानों में जाकर जांचें कराना पड़ेगा। अमर उजाला ने सोमवार को कुछ अस्पतालों के हेल्थ एटीएम का जायजा लिया तो ऐसी ही तस्वीर सामने आई है।
मरीजों को जांचों के लिए लगी लंबी लाइनों से बचाने के लिए जिले के 44 सीएचसी-पीएचसी पर हेल्थ एटीएम लगवाया गया था। इनमें कुछ अस्पतालों में स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने विधायक निधि से भी मशीनें लगवाई थीं। उम्मीद थी कि इससे मरीजों के इलाज की गुणवत्ता में इजाफा होगा। साथ ही उन्हें भी जांचों के लिए लंबी लाइनों से राहत मिलेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। अमर उजाला की पड़ताल में अधिकांश जगहों पर जांचें ठप मिलीं। कहीं पर प्रशिक्षित स्टाफ का रोना रहा तो कहीं मशीन खराब बताई गई। ऐसे में मरीज पुराने ढर्रे पर निजी केंद्रों पर या लंबी लाइनें लगाकर जांच कराने को विवश दिखे।
सीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि सभी अस्पतालों में हेल्थ एटीएम क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। कई जगहों पर जांच हो रही है। यदि कहीं पर दिक्कतें आ रही थीं तो संबंधित अधीक्षक से वार्ता करके समस्या दूर कराई जाएगी।
पीएचसी पूरे कामगार में लगी हेल्थ एटीएम मशीन दो माह से नहीं चली है। इसके पीछे मशीन की चिप न होना वजह बताई जा रही है। जांचों के लिए मरीज निजी केंद्रों पर जाने को विवश हैं। सोमवार को यहां सिर्फ वार्डबॉय और हेल्थ एटीएम संचालक ही मिले। अधीक्षक डॉ. पृथ्वीपाल यादव ने बताया कि चिप की डिमांड भेजी गई है।
सीएचसी खंडासा में लगे हेल्थ एटीएम से आज तक जांच नहीं शुरू हो सकी। इसके लिए यहां कोई प्रशिक्षित स्टाफ भी नहीं है। ताजपुर निवासी प्रेमवती हीमोग्लोबिन जांच कराने आई थीं, लेकिन निराश लौटना पड़ा। डॉ. तुलसी आजाद ने बताया कि अधीक्षक साहब हाईकोर्ट गए हैं, वही जानकारी दे सकेंगे।
पीएचसी कोंछा बाजार में कई महीने से हेल्थ एटीएम बंद कमरे में धूल फांक रहा है। एलटी सईद की ड्यूटी सीएचसी व फार्मासिस्ट दुर्गेश पांडेय की ड्यूटी अयोध्या मेला में लगी है। महिला चिकित्सक डॉ. विनय सिंह सोमवार को सीएचसी बीकापुर ड्यूटी पर रहीं। पीएचसी स्टाफ नर्स सुप्रिया के सहारे संचालित मिली।
पीएचसी सरायधनेठी का हेल्थ एटीएम अगस्त, 2024 से शोपीस है। एलटी ज्ञान प्रकाश ने बताया कि इसे बनवाने के लिए मिल्कीपुर अधीक्षक को पत्र लिखा गया। एटीएम के टेक्निकल सपोर्ट कंपनी को भी कॉल की गई, लेकिन अब तक कोई नहीं आया। फार्मासिस्ट गंगोत्री प्रसाद ने बताया कि डॉ. प्रदीप कुमार जिले पर प्रशिक्षण में हैं और एएनएम रामेश्वरी देवी मीटिंग में गई हैं। अधीक्षक पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि शीघ्र मशीन संचालित कराई जाएगी।