अयोध्या। सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि बोरिंग की ब्लाॅकवार सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाए। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के संबंध में आयोजित बैठक व कैंपों में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन के काम जिन गांवों में पूरे हो गए हैं, उनका सत्यापन कराया जाए। सांसद ने विभिन्न क्षेत्रों में खराब सड़कों की भी जानकारी दी।
सांसद शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में बोल रहे थे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रस्तुत सुझावों पर चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि बैठक में जो भी अधिकारी अनुपस्थित हैं, उनकी अगली बैठक में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं संबधी शिविर व कार्यक्रमों में उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को अवश्य आमंत्रित किया जाए। केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरी पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन करते हुए सभी पात्र व्यक्तियों को योजना से लाभान्वित किया जाए।
डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची उपलब्ध करा दे। उनको संबंधित विभाग से सही कराया जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधियों के जो भी सुझाव व शिकायतें आई हैं, उन पर सभी संबंधित विभागीय अधिकारी त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निस्तारण कराएं। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में अंबेडकर नगर के सांसद लाल जी वर्मा, एमएलसी बलराम यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान, बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार शर्मा, सीएमओ डाॅ. सुशील कुमार, परियोजना निदेशक गिरीश पाठक, उप निदेशक कृषि डॉ. पीके कनौजिया व उप निदेशक पर्यटन बृजपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।