भेलसर। रुदौली तहसील में भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने बुधवार को लेखपाल दीप चंद्र यादव को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। उन्हें तहसील परिसर स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया, जिससे तहसील में हड़कंप मच गया।एक पीड़ित अपने राजस्व संबंधी कार्य के लिए लंबे समय से तहसील के चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि कार्य करने के एवज में धनराशि मांगी जा रही थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक दल से की।
शिकायत मिलने के बाद दल ने मामले का सत्यापन करने के बाद आरोपी तहसील कर्मी को गिरफ्तार करने के लिए एक योजनाबद्ध जाल बिछाया। इस दौरान लेखपाल दीप चंद्र यादव को रिश्वत लेते पकड़ा गया। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि रौनाही थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने की है। (संवाद)