भेलसर। रुदौली तहसील में अधिवक्ताओं और एसडीएम के बीच चल रहा विवाद पांचवें दिन भी नहीं सुलझा है। शनिवार को तहसील दिवस के दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इस गतिरोध के कारण तहसील का न्यायिक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।
अधिवक्ताओं ने एसडीएम तेरी तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए। तहसील परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। अधिवक्ताओं का कहना है कि एसडीएम के कथित दुर्व्यवहार के मामले में जब तक उचित कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। बार एसोसिएशन ने कार्य बहिष्कार का फैसला लिया है। दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को मुकदमों की पैरवी और तारीखों के लिए परेशानी हो रही है। प्रशासनिक अधिकारी एक ओर फरियादियों की समस्याएं सुनते रहे, वहीं दूसरी ओर अधिवक्ता विरोध प्रदर्शन करते रहे।