अयोध्या। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद जिले के सभी थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। कोतवाली अयोध्या में कमिश्नर गौरव दयाल व आईजी प्रवीण कुमार ने फरियादियों की समस्याओं को सुना।
कमिश्नर ने कहा कि जमीन विवाद से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर ही प्रकरण का निस्तारण करवाए। छोटे विवादों में दोनों पक्षों की मौजूदगी में उनमें आपस में बात करके निस्तारण होना चाहिए। इस दौरान चार शिकायतें आईं। इनके निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को रवाना किया गया।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली में एसडीएम ध्रुव खड़िया की अध्यक्षता में 56 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराई। इनमें से दो का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। मिल्कीपुर प्रतिनिधि के तीनों थानों कुमारगंज, खंडासा और इनायत नगर में 60 फरियादियों ने शिकायतें पेश की। इनमें से सिर्फ एक ही मामले का तत्काल निस्तारण हो सका। इस दौरान एसडीएम राजीव रत्न सिंह मौजूद रहे।