सोहावल। पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू ने घोषणा की है कि वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दल चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने किसी भी पार्टी से समझौता न करने की बात कही। बबलू सिंह ने सत्ताधारी दल भाजपा पर विकास और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा।
बबलू सिंह ने रविवार को अर्थर के पास आयोजित एक होली मिलन समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि बीकापुर विधानसभा उनकी जन्मस्थली ही नहीं, कर्मभूमि भी रही है। उन्हें जनता के विश्वास पर पूरा भरोसा है। जनता ने उनका कार्यकाल देखा और परखा है। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि पिछले 15 साल से विधानसभा क्षेत्र की जनता विकास कार्यों और भ्रष्टाचार से जूझ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि डरे हुए लोग उनके आयोजनों पर रोक लगवा रहे हैं। बबलू सिंह ने लगभग दो हजार की भीड़ को विश्वास दिलाया कि विधायक बनने पर अमीर-गरीब, ऊंच-नीच सबकी सुनी जाएगी और बिना कोई पैसा खर्च किए लोगों का काम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो अधिकारी काम नहीं करेगा, वह जिले में अपनी कुर्सी पर नहीं रहेगा। दुर्गेश सिंह की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में लगभग सभी जाति और धर्म से जुड़े लोगों की अच्छी भीड़ देखकर पूर्व विधायक समेत समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बबलू सिंह ने महिलाओं और युवाओं के बीच स्वतः पहुंचकर सवाल-जवाब किए। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि वह उनके भरोसे पर खरे उतरेंगे। इस अवसर पर भोला शंकर शुक्ला, दीपू सिंह, मनीष सिंह सहित कई प्रमुख स्थानीय नेता और समर्थक मौजूद रहे।