पूरा बाजार। जलालुद्दीन नगर का नाम बदलकर दशरथ नगर किए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को ग्राम सचिवालय परिसर में ग्रामीणों की बैठक में नाम परिवर्तन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह कार्रवाई प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के निर्देश पर डीएम की ओर से शुरू की गई है। बैठक ग्राम पंचायत अधिकारी अजय सिंह और ग्राम प्रशासक/प्रधान प्रेमा देवी के नेतृत्व में हुई। सूर्यवंश क्षत्रिय उत्थान समिति के संरक्षक दादा गुरु प्रसाद सिंह ने बताया कि ग्राम सभा क्षेत्र में चक्रवर्ती सम्राट राजा दशरथ का समाधि स्थल और पौराणिक मंदिर स्थित है। मान्यता है कि श्रीराम ने वनवास से लौटने के बाद यहां पिंडदान किया था और उनके चरण चिह्न आज भी मौजूद हैं। उन्होंने ऐतिहासिक-पौराणिक पहचान संरक्षित रखने के लिए नाम परिवर्तन को उचित बताया। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।