अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी और गबन के मामले में जेल में निरुद्ध आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव की जमानत अर्जी पर शनिवार को भी सुनवाई नहीं हो सकी। विशेष न्यायाधीश (एंटी करप्शन) रजत वर्मा की अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से आपत्ति दाखिल करने के लिए समय मांगा गया। इस पर न्यायाधीश ने अंतिम अवसर देते हुए सुनवाई के लिए 23 सितंबर की तारीख तय कर दी।
इससे पहले 15 सितंबर को भी दोनों आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई के दौरान विवेचक आशुतोष तिवारी ने अदालत के आदेश के बावजूद आख्या प्रस्तुत नहीं की थी। शनिवार को भी अभियोजन पक्ष की ओर से आपत्ति दाखिल करने के लिए समय मांगा गया।
सभी आठ आरोपियों रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय और रमाशंकर मिश्रा की जमानत अर्जियां पांच सितंबर को अदालत में प्रस्तुत की गई थीं। इसके बाद से अब तक विवेचक आख्या प्रस्तुत नहीं कर सके हैं।