अयोध्या। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को चौक स्थित गुलाबबाड़ी परिसर का निरीक्षण किया। गुलाबबाड़ी में विभिन्न किस्म के रोपित पौधों को देखा। इसके बाद देवकाली स्थित साकेतपुरी कॉलोनी में निर्माणाधीन पार्क में सूर्य नमस्कार की मूर्ति स्थापना कार्य की प्रगति देखी।
कौशलपुरी कॉलोनी फेज-2 में पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर के प्रत्येक क्षेत्र में हरियाली/हरित क्षेत्र स्वच्छ वातावरण विकसित किए जाने के लिए पौधे लगाए जाने का निर्देश वरिष्ठ प्रभारी उद्यान को दिया। उन्होंने पार्कों के रखरखाव के लिए समिति बनाने व आवश्यकतानुसार ओपन जिम का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह, सहायक अभियंता राजपति यादव व अवर अभियंता राजेश पटेल मौजूद रहे।