अयोध्या। जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित 225 अन्नपूर्णा भवनों के लक्ष्य के सापेक्ष 103 ग्राम पंचायतों में भूमि चिह्नीकरण पूरा हो चुका है, जबकि शेष 122 ग्राम पंचायतों में जल्द प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अन्नपूर्णा भवन, जिला स्तरीय सतर्कता समिति, सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था तथा सीएनजी-पीएनजी परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा से स्वीकृत 75 अन्नपूर्णा भवनों में 17 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष 58 भवनों का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। विभागीय बजट से प्रस्तावित 24 भवनों में से नौ पूर्ण हो चुके हैं और 15 पर जल्द काम शुरू होगा।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की 10 रिक्त उचित दर दुकानों के लिए ग्राम सभाओं की खुली बैठक कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही अंत्योदय अन्न योजना के तहत पात्र व सबसे निर्धन परिवारों का चयन ग्राम सभा के माध्यम से करने और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया। सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान खाद्यान्न परिवहन में लगे वाहनों में जीपीएस संचालित रखने, बारिश के मद्देनजर तिरपाल लगाने और एफसीआई से समय पर खाद्यान्न उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उचित दर दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचने के बाद ई-पॉस मशीन से तत्काल रिसीविंग कराने पर भी जोर दिया गया।
ग्रीन गैस लिमिटेड के प्रतिनिधि ने बताया कि सीता रसोई में गैस कनेक्टिविटी का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कौशलपुरी, साकेतपुरी और जनौरा में पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण, उचित दर दुकानों के संचालन और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बैठक में एसपी ट्रैफिक, डीसी मनरेगा, सभी खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और सिटी गैस वितरण समिति के सदस्य मौजूद रहे।