अयोध्या। शारदीय नवरात्र शुरू होते ही व्रत में इस्तेमाल होने वाली फलाहार सामग्री का बाजार गर्म हो गया है। व्रत रखने वाले श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। इस बीच फलाहार सामग्री के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। कारोबारियों को नवरात्र के दौरान बिक्री बढ़ने से अच्छी कमाई की उम्मीद है।
सिंघाड़े और कुट्टू के आटे के दाम में 40 से 60 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है। केला दस रुपये और सेब 20 रुपये महंगा हुआ है। कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के साथ साबूदाना, मखाना और सूखे मेवों की मांग बढ़ गई है। फल की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों ने ग्राहकों के बजट को ध्यान में रखते हुए छोटे-बड़े पैकेट तैयार किए हैं। मखाना, मूंगफली, सेंधा नमक और घी की भी अच्छी मांग है। नवरात्र शुरू होने के साथ ही फलों के बाजार में भी रौनक बढ़ गई है।
इनसेट
कारोबारियों की बढ़ी कमाई
चौक बाजार के किराना दुकानदार राहुल गुप्ता ने बताया कि नवरात्र में व्रत सामग्री की मांग बढ़ गई है। रोजाना करीब 10 हजार रुपये की बिक्री हो रही है। कुट्टू और सिंघाड़े के आटे, साबूदाने और मखाने का पर्याप्त भंडार रखा गया है।
चौक बाजार के ड्राई फ्रूट विक्रेता अमित जायसवाल प्रतिदिन करीब 12 से 15 हजार रुपये का कारोबार कर रहे हैं। वहीं, फल विक्रेताओं को पूरे नवरात्र बिक्री अच्छी रहने की उम्मीद है। देवकाली के फल विक्रेता संजय ने बताया कि फलों की बिक्री अच्छी हो रही है। उनकी रोजाना करीब सात हजार रुपये की कमाई हो रही है।
व्रत सामग्री की कीमतें
सामग्री
कीमत पहले अब
कुट्टू का आटा 120–160 रुपये प्रति किलो
सिंघाड़े का आटा 200–250 रुपये प्रति किलो
साबूदाना 60–80 रुपये प्रति किलो
मखाना 900–1200 रुपये प्रति किलो
मूंगफली 140–180 रुपये प्रति किलो
किशमिश 500–600 रुपये प्रति किलो
बादाम 800–1000 रुपये प्रति किलो
सेब 100–140 रुपये प्रति किलो
अनार 150–180 रुपये प्रति किलो
काजू 800–1000 रुपये प्रति किलो
जीरा
300 रुपये प्रति किलो
केला 40–60 रुपये प्रति दर्जन
तिल का तेल 180–200 रुपये प्रति लीटर