कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते जिलाधिकारी।
अयोध्या। जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने पूर्व में संपन्न समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन आख्या बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर अधिक से अधिक उद्यमियों को जोड़ने और शासन की योजनाओं का लाभ दिए जाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्योग बंधुओं ने लालबाग, फतेहगंज, पुलिस लाइन आदि उद्योग क्षेत्रों में जलभराव व खराब सड़कों की समस्या से अवगत कराया। जिसपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र जलनिकासी व जलभराव की समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। नगर निगम की ओर से मनमानी तरीके से कर वसूली व अन्य जुर्माने लगाने की शिकायत की गई। जिसपर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त अयोध्या को शिकायत का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों में अनवरत विद्युत आपूर्ति करने की भी मांग की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज, सचिव विकास प्राधिकरण सत्येंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।