संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ता परिषद के पदाधिकारी व अन्य।
- फोटो : संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ता परिषद के पदाधिकारी व अन्य।
अयोध्या। सतत विकास के लिए सर्वोत्तम कानून की रचना करते हुए हमें मौलिक अधिकार के साथ कर्तव्य पालन की सीख देने वाला भारतीय संविधान हमारी आत्मा है। यह बातें अधिवक्ता परिषद के प्रांतीय मंत्री अमर बहादुर सिंह ने कचहरी स्थित एक बैंक के सभागार में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
कार्यक्रम का आयोजन अधिवक्ता परिषद अयोध्या की ओर से किया गया था। इसमें प्रांतीय मंत्री ने कहा कि संविधान में नियम व कानून की समीक्षा का अवसर दिया गया है। देश के निर्माण, विकास और जनता के सरोकारों से जुड़े कानून का प्रावधान किसी और देश के संविधान में देखने को नहीं मिलता है। भारतीय हस्तलिखित संविधान आज भी सुरक्षित है, जो हमारी संविधान के प्रति दृढ़ संकल्प की निशानी है।
परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अनिल अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे अधिकारों का संरक्षण करता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र श्रीवास्तव, अध्यक्ष अरविंद कौल, आशुतोष पांडेय, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, जिला मंत्री रत्नेश सिंह, अजय प्रताप सिंह, सुरेश सिंह, कर्मवीर सिंह, ललित मोहन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।