02- अयोध्या कोतवाली में तहरीर देने पहुंचे महंत रामदास- संगठन
अयोध्या। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के बाद करतलिया आश्रम के पीठाधीश्वर महंत रामदास ने अयोध्या कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि संजय जिद्दी नामक आईडी से सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट की गई है। तहरीर के अनुसार, उस पोस्ट में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी पत्नी, सांसद डिंपल यादव की पुत्री के संबंध में अभद्र टिप्पणी व आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किया गया। महंत रामदास का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री न केवल अशोभनीय है, बल्कि आईटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह की पोस्ट साझा किए जाने से जनप्रतिनिधियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। इस वीडियो से आधी आबादी का अपमान हुआ है। कोतवाल अयोध्या पंकज सिंह ने बताया कि मामले की जांच हो रही है।