बीकापुर/हैरिंग्टनगंज। सेंधूतारा निवासी मेलादीन कोरी (66) को उनके छोटे बेटे श्यामराज ने बृहस्पतिवार सुबह जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमलाकर मार डाला। वारदात के समय वह गांव के प्राथमिक विद्यालय में सफाई करने गए थे। आरोपी ने हत्या के बाद पुलिस को फोन करके अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया। मृतक के बड़े बेटे की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज करके आरोपी गिरफ्तार किया गया है।
गांव निवासी मेलादीन अपने बड़े बेटे राम औतार के साथ रहते थे। उनका छोटा बेटा श्यामराज उनसे अलग रहता है। मेलादीन कई वर्ष से गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में सफाईकर्मी के सहयोगी के रूप में काम करते थे। बृहस्पतिवार सुबह भी वह घर से करीब छह बजे विद्यालय में सफाई करने गए थे। इसी बीच श्यामराज उर्फ किल्लू कुल्हाड़ी लेकर प्राथमिक विद्यालय पहुंचा और शौचालय के अंदर सफाई करते समय उनके सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ करके मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद उसने खुद ही पुलिस को पिता की हत्या की जानकारी दी। मौके पर एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, सीओ पीयूष पाल, कोतवाल लालचंद सरोज के साथ मौके पर पहुंचे और मेलादीन को सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मृतक के बड़े पुत्र की तहरीर पर आरोपी श्यामराज के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया है। हर पहलू पर छानबीन की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।