अयोध्या। दिवाली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में बर्न वार्ड आरक्षित किए गए हैं। त्योहार के दौरान आग से झुलसने, पटाखों से आंखों में चोट लगने और अन्य दुर्घटनाओं के मामलों को देखते हुए इमरजेंसी सेवाओं को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, श्रीराम अस्पताल समेत सभी सीएचसी-पीएचसी पर इमरजेंसी सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। चर्म रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन समेत सभी विशेषज्ञों को ऑनकॉल रहने व ड्यूटी के अनुसार अस्पताल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि झुलसने वाले मरीजों के उपचार, आंखों में चोट और धुएं के कारण सांस संबंधी परेशानी के मामलों में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पर्याप्त मात्रा में जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया ने बताया कि दिवाली को लेकर बर्न वार्ड में बेड आरक्षित किए गए हैं। विशेषज्ञों की टीम शिफ्टवार इमरजेंसी में तैनात की गई है। सभी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां पहले से रद की गई हैं।
किसी तरह की दिक्कत होने पर यहां करें फोन
मुख्य चिकित्साधिकारी : 8005192652
प्राचार्य मेडिकल कॉलेज : 8765196942
प्रमुख अधीक्षक जिला अस्पताल : 9454455356
सीएमएस मेडिकल कॉलेज : 9415715112
एंबुलेंस : 108