हैदरगंज। हथिगो ग्राम पंचायत के बाबू का पुरवा निवासी दोनों आंखों से दृष्टिहीन निशा सिंह पिछले चार वर्षों से पक्के आवास की आस लगाए हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के लिए परिवार की ओर से लगातार ऑनलाइन शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक आवास नहीं मिल सका। इसी बीच पिछले बुधवार हुई बारिश में उनका कच्चा मकान धराशायी हो गया। इससे परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
निशा की मां पुष्पा सिंह पत्नी विजय कुमार सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान मकान गिरने की सूचना तत्काल लेखपाल को दी गई थी, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी वह मौके पर नहीं पहुंचे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के लिए नया मकान बनाना संभव नहीं है।
परिवार का कहना है कि निशा के दृष्टिहीन होने के कारण उन्हें आवास योजना में प्राथमिकता मिलने की उम्मीद थी। ग्राम सचिव रजनीश वर्मा ने बताया कि निशा का आवास के लिए चयन कर प्रस्ताव भेजा गया है। हालांकि ब्लॉक स्तर से जारी चयनित सूची में दिव्यांग कोटे से उनका चयन नहीं हुआ है। परिवार ने प्रशासन से मकान गिरने की जांच, क्षति का आकलन और नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।