बीकापुर की गैस एजेंसी दफ्तर में लगी भीड़।
बीकापुर। कस्बे में रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। गैस एजेंसी संचालकों की ओर से होम डिलीवरी के दावों के बावजूद गैस सिलिंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। मोबाइल पर बुकिंग के बाद डिलीवरी का मैसेज आने पर भी गैस घर तक नहीं पहुंच रही है।
भारत गैस की अमर रसोई पॉइंट ने करीब एक सप्ताह से गोदाम से गैस वितरण बंद कर दिया है। उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि बुकिंग के चार दिन बाद होम डिलीवरी होगी, लेकिन ऐसा हो नहीं रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता समय पर गैस न मिलने से बार-बार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। बृहस्पतिवार सुबह मिलिट्री ग्राउंड में गैस वितरण के लिए गाड़ी पहुंचने पर दूरदराज से आए लोगों की भीड़ लग गई। किसान गंज निवासी संतराम ने 12 मार्च को बुकिंग की थी और दो दिन से दौड़ने के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिली। पातूपुर निवासी बद्री प्रसाद शर्मा और असरेवा निवासी सोनू सिंह ने भी बुकिंग के बाद होम डिलीवरी न मिलने की शिकायत की।
एजेंसी का दावा और उपभोक्ताओं की हकीकत
अमर रसोई पॉइंट के संचालक अमर ने बताया कि रसोई गैस की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि गोदाम पर भीड़ से बचने के लिए बुकिंग के चौथे दिन होम डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है। संचालक के अनुसार, अलग-अलग रूट पर गाड़ियां भेजकर नियमानुसार वितरण किया जा रहा है। हालांकि, उपभोक्ता राजकुमार, रज्जन और बृजेश पाठक सहित कई अन्य लोगों का कहना है कि उन्हें डिलीवरी की सही जानकारी नहीं मिल पाती है। उनका आरोप है कि होम डिलीवरी के दावे सिर्फ कागजों में हैं।