अयोध्या। कोतवाली अयोध्या के सिरसिंडा मजरे पठखौली के पास शनिवार शाम पांच बजे बाइक व एसयूवी सवार बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर संदीप मिश्रा को गोली मार दी। गंभीरावस्था में उसे मेडिकल कॉलेज दर्शननगर लाया गया, जहां से जांघ में गोली फंसी होने के कारण लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है।
पूराकलंदर क्षेत्र के दतिया, अंजना निवासी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि उनके भाई संदीप मिश्रा (30) अपने साथी पाठक का पुरवा निवासी सत्यम पाठक उर्फ गोलू के साथ निमंत्रण का कार्ड बांटकर लौट रहे थे। पठखौली गांव के पास शाम लगभग पांच बजे बाइक और एसयूवी सवार पठखौली निवासी रवि पाठक उर्फ गुड्डू और गोलू पाठक, गंगौली के दतिया निवासी अनिल मिश्रा, उनके भाई अनूप मिश्रा और मयंक सिंह ने उनका रास्ता रोक लिया।
पहले उन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज की। बाद में बाइक सवार रवि ने संदीप पर फायर झोंक दिया। घायल संदीप ने बताया कि आरोपियों ने चार राउंड गोली मारी। एक गोली उसके जांघ में लगी और एक-एक गोली कान और कंधे को छूकर निकल गई। जबकि, चौथी गोली ऊपर की तरफ चली गई। घटना के बाद वह लोग मौके से भाग निकले।
पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। घटनास्थल को सील कर दिया गया। एएसपी देवेश चतुर्वेदी ने कोतवाल अयोध्या के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। कोतवाल अयोध्या मनोज शर्मा ने बताया कि कुलदीप मिश्रा ने चार नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
आरोपी अनिल मिश्रा के भाई से 20 अक्तूबर को हुआ था विवाद
संदीप का आरोपी अनिल मिश्रा के भाई अनूप से 20 अक्तूबर को विवाद हुआ था। पूराकलंदर थाने में दर्ज एफआईआर में अनूप ने बताया था कि रात 08:30 बजे वह 20 हजार रुपये लेकर घर जा रहे थे। इस बीच संदीप और गाेलू पाठक रुपये छीनने लगे। विरोध पर उनकी पिटाई की। पिस्टल से जान से मारने का प्रयास किया। बाद में आए कुलदीप ने भी पिटाई की। मामले में पुलिस ने केस दर्ज करके शांतिभंग की आशंका में चालान किया था।
शुक्रवार की शाम फोन पर मिली थी धमकी
सत्यम ने बताया कि शुक्रवार को मयंक सिंह के मोबाइल नंबर से संदीप को कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने दो लाख रुपये में उनकी सुपारी देने की बात कही थी और शीघ्र ही जान से मरवाने की धमकी दी थी।
घायल के खिलाफ पूराकलंदर थाने में दर्ज हैं 14 मुकदमे
एएसपी देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि संदीप का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में पूराकलंदर थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। सभी पहलुओं पर मामले की छानबीन की जा रही है।