फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: रात में जोरदार बारिश, कई इलाकों में जलभराव, चार वर्षीय बालिका का शव तालाब में उतराता मिला

Thu, 11 Jun 2026 09:24 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
अचानक मौसम बदला बृहस्पतिवार सुबह दो बजे हुई बारिश के बाद देवकाली के नील गोदाम के गली में भरा पा
विज्ञापन
अयोध्या। मौसम का मिजाज बृहस्पतिवार की रात अचानक बदला। तेज हवा और गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। इससे शहर व ग्रामीण इलाकों में बिजली गुल हो गई। कई इलाकों में 12 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इस बीच सोहावल क्षेत्र में आंधी में लापता हुई बालिका का शव तालाब में उतराता मिला। बारिश के चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सात-सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
विज्ञापन

रात में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन दिन निकलते ही तेज धूप और बढ़ी नमी ने उमस का एहसास कराया। करीब नौ मिलीमीटर वर्षा के बाद देवकाली के नील गोदाम गली, आदर्श पुरम, जनौरा, धनीराम पुरवा सहित शहर के कई मोहल्लों और सड़कों पर पानी जमा हो गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ अधिकतर स्थानों पर पानी निकल गया, लेकिन कुछ निचले इलाकों में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश और तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली विभाग की टीमों ने जंफर उड़ने सहित अन्य फॉल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल की। सरेठी गांव में 12 घंटे बिजली गुल रही तो महबूबगंज में सात घंटे आपूर्ति ठप रही। राठ हवेली इलाके में दो घंटे बिजली नहीं रही। जनौरा के लालबाग न्यू कॉलोनी में गड्ढे में एक कार घुस गई। हालांकि, इसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
उधर, रौनाही थाना क्षेत्र के देवराकोट गांव में एक चार वर्षीय बालिका का शव तालाब में मिला है। वह बीती रात आंधी और पानी के बीच लापता हो गई थी। सुबह उसका शव तालाब में उतराता देख परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। बालिका एक घुमंतू परिवार की सदस्य थी जो पंचायत भवन के पास रुका हुआ था। परिजनों ने उसे आसपास खोजा, जिसके बाद सुबह तालाब में शव दिखाई दिया। थाना प्रभारी लाल चंद्र सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज स्थित मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम है। बुधवार को अधिकतम 41 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विज्ञानी डॉक्टर सीताराम मिश्र का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की शुरुआती गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इसी वजह से बीच-बीच में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की वर्षा की स्थिति बन रही है। प्री-मानसून की प्रभावी गतिविधियों के लिए अभी 15 जून तक इंतजार करना होगा। इसके बाद मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की वर्षा होने का अनुमान है।

इनसेट
50 घंटे से बिजली गुल, दर्जनभर गांव प्रभावित
मवई। पटरंगा क्षेत्र में मंगलवार रात आंधी में रायपुर फीडर की विद्युत व्यवस्था ध्वस्त हो गई। 50 घंटे बाद भी एक दर्जन गांवों में आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। तेज आंधी से कई स्थानों पर पेड़ बिजली लाइनों पर गिर गए। इससे विद्युत पोल टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए। रायपुर, डिलवल, मोहनलाल पुरवा, वजीराबाद, होलूपुर और बटैया समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है। मोबाइल चार्जिंग और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। अवर अभियंता पारुल सिन्हा ने बताया कि विभाग की दो टीमें मरम्मत कार्य में जुटी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुक्रवार दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। (संवाद)
-
महबूबगंज चौराहे पर जलभराव
महबूबगंज। भारी तपिश के बीच बृहस्पतिवार रात में हुई झमाझम बारिश से लोगों को सुकून जरूर मिला लेकिन बिजली गायब हो गई। सुबह 3:30 बजे ठप हुई बिजली आपूर्ति करीब सात घंटे बाद लगभग 11:00 बजे बहाल हो पाई है। बारिश से किसानों के चेहरे पर जहां मुस्कान थी वहीं महबूबगंज चौराहे पर पानी भर जाने से राहगीरों, कोचिंग को जाने वाले बच्चों और दुकानदारों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। आने जाने वाले वाहनों से कीचड़ के छींटे दुकानों के अंदर तक जा रहे हैं। हाजी अकरम, राजेंद्र, दुर्गेश मोदनवाल, शिवम गुप्ता, सच्चा राम यादव ने जिला अधिकारी से अपील की कि बरसात के दिनों को देखते हुए जल्द से जल्द पानी की निकासी की व्यवस्था कराई जाए। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें