महिला छात्रावास में छात्रा की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय में आगामी दीक्षांत समारोह की तैयारियों के बीच महिला छात्रावासों की छात्राओं के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाया गया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित अहिल्याबाई होल्कर छात्रावास और आचार्य नरेंद्र देव महिला छात्रावास के करीब 300 छात्राओं की सेहत जांची गई।
विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. दीपशिखा चौधरी ने बताया कि जांच शिविर में छात्राओं का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कैल्शियम की जांच की गई। जरूरत के अनुसार अल्ट्रासाउंड परीक्षण भी कराया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, महिला अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सहयोग किया। महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विभा, नोडल अधिकारी पीसी भारती, एबीएचए से सुमित अरोड़ा सहित चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने शिविर में भाग लिया।
डॉ. चौधरी ने बताया कि दीक्षांत समारोह के बाद कुलाधिपति की उपस्थिति में प्रस्तावित मां-बेटी सम्मेलन के दौरान भी छात्राओं के लिए व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण अभियान आयोजित किया जाएगा। शिविर के संचालन में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, डॉ. दीपशा दूबे, पदमा देवी और सुनील यादव ने सहयोग किया। (संवाद)