सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से आयोजन
बीकापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर ने मंगलवार को नगर पंचायत में ''नमस्ते डे'' कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर लगाया। इस शिविर में 30 सफाईकर्मियों और अन्य कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को नियमित जांच और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना था।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंशुमान यादव के निर्देशन में यह अभियान आयोजित हुआ। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएस) की टीम ने नगर पंचायत परिसर में पहुंचकर कर्मचारियों की जांच की। चिकित्सकों ने सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप और शुगर की जांचें कीं। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर उचित परामर्श भी दिया गया। जिन कर्मचारियों में सामान्य स्वास्थ्य समस्याएं पाई गईं, उन्हें मौके पर ही निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। सभी कर्मचारियों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और संतुलित आहार के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच और कार्य के दौरान सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह भी दी गई।
डॉ. अंशुमान यादव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं आमजन तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा, ''नमस्ते डे''अभियान से नगर निकाय के सफाईकर्मियों और अन्य कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना प्राथमिकता है। इसका लक्ष्य उन्हें स्वस्थ रखकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी क्षमता से निर्वहन करने में सक्षम बनाना है। शिविर में आरबीएस टीम के सादाब, गौरव शुक्ला, जितेंद्र बहादुर और फार्मासिस्ट संतोष कुमार भी मौजूद रहे।