अयोध्या। थाना राम जन्मभूमि क्षेत्र के मस्जिद बेगम बल्लास के पेश इमाम हाफिज मेराज अहमद उर्फ मुन्नू की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा टेढ़ी बाजार स्थित रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय हुआ, जहां वह पटरी पार कर रहे थे। मृतक आलमगंज कटरा के निवासी थे और इलाके में सम्मानित धार्मिक व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक के भाई मोहम्मद सिराज ने रेलवे प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनने के बावजूद पटरी किनारे क्लोजिंग वॉल नहीं बनाई गई, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। थाना रामजन्मभूमि प्रभारी सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी, तत्काल जीआरपी को सूचना दी गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।