अयोध्या। जिले के 1791 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 1.12 लाख बच्चों को मध्याह्न भोजन के साथ अब प्रत्येक शुक्रवार को अतिरिक्त पोषण आहार मिलेगा। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत इसी माह से बच्चों को सूजी से तैयार मीठा हलवा और नमकीन उपमा वितरित किया जाएगा। जिले में 1.56 लाख विद्यार्थी नामांकित हैं। इनमें करीब 72 प्रतिशत बच्चे प्रतिदिन मध्याह्न भोजन ग्रहण करते हैं।
योजना फरवरी के तीसरे सप्ताह तक संचालित होगी। इसके लिए एक वितरण दिवस पर करीब 225 किलो तेल, 2.25 टन सब्जी और 674 किलो मूंगफली की जरूरत पड़ेगी।
बीएसए लालचंद्र ने बताया कि हलवा और उपमा तैयार करने के लिए विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को प्रति लाभार्थी प्रति विद्यालय दिवस दो रुपये अतिरिक्त पारिश्रमिक मिलेगा। विद्यालयों को लाभार्थी बच्चों की संख्या, वितरण की तारीख और खाद्य सामग्री का रिकॉर्ड रखना होगा। खरीद के बिल, स्टॉक पंजिका और वितरण के फोटो भी सुरक्षित रखने होंगे।