हैदरगंज। भीटी-हैदरगंज-कूरेभार मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण की उम्मीदें बढ़ गई हैं। लोक निर्माण विभाग ने करीब 57.03 करोड़ की लागत का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। यह मार्ग 17.170 किलोमीटर लंबा होगा और इसकी चौड़ाई सात मीटर तक बढ़ाई जाएगी।
विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी को पत्र लिखकर वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजना में इस मार्ग को शामिल करने का अनुरोध किया था। यह मार्ग गोसाईगंज बाजार से अंबेडकरनगर के भीटी तहसील और सुल्तानपुर के कूरेभार बाजार को जोड़ता है। इसके चौड़ीकरण से एक लाख से अधिक आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग, अयोध्या क्षेत्र के मुख्य अभियंता ने 25 अगस्त को प्रस्ताव लखनऊ स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय भेजा। वर्तमान में मार्ग की चौड़ाई 3.75 मीटर है।