31- गुरद्वारा नजरबाग में प्रवचन करते जत्थेदार बाबा महेंद्र सिंह-संवाद
अयोध्या। गुरुद्वारा नजर बाग में बंदी छोड़ दिवस के उपलक्ष्य में 20वां गुरुमत समागम श्रद्धा, उल्लास और सेवा भाव के साथ उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर हरियाणा के करनाल से आए संतों ने संगत को सत्संग और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने अपने प्रवचनों में कहा कि प्रकाश पर्व का अर्थ केवल घरों और बाहर दीप जलाना नहीं है, बल्कि अपने अंतःकरण को भी ज्ञान, सद्भाव और सेवा के प्रकाश से प्रकाशित करना जरूरी है।
समागम में संत बाबा त्रिलोचन सिंह, बाबा भोला जी, गेजा जी, स्वर्ण सिंह, करमजीत जी और सतनाम जी ने संगत को उपदेश दिए। वहीं, लखनऊ से पहुंचे भाई सतबीर सिंह और नौतनवा से आए परमजीत जी ने कथा-कीर्तन के माध्यम से गुरु महिमा का बखान किया।
गुरुद्वारा नजर बाग के जत्थेदार बाबा महेंद्र सिंह ने बंदी छोड़ दिवस के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सिखों के छठे गुरु श्री गुरु हरगोविंद साहिब ने ग्वालियर किले से 52 राजाओं को मुक्त कराया था। उनकी रिहाई के बाद अमृतसर पहुंचने पर दीपों से उनका स्वागत किया गया था। इसी ऐतिहासिक स्मृति में दीपावली के अवसर पर बंदी छोड़ दिवस मनाने की परंपरा है।
गुरुद्वारे के सेवादार नवनीत सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में विधायक प्रतीकभूषण शरण सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, महंत हेमंत दास, समाजसेवी अवधेश वर्मा, पार्षद प्रियेश दास, अमृत राजपाल, पवन जीवानी और समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा सहित बड़ी संख्या में संत-महंत, गणमान्य नागरिक और सिख समाज के लोग मौजूद रहे।