अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के कांटा बाजार में स्थित एक ज्वैलरी व मोबाइल शॉप में चोरों ने दीवार और फर्श काटकर लगभग छह लाख रुपये के कीमती सामान पार कर दिए। मौके पर आई पुलिस ने छानबीन शुरू की है। सोहावल के पूरे कीरत कांटा निवासी आंचल सोनी ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उनकी ज्वैलरी और मोबाइल शॉप कांटा बाजार में स्थित है। रविवार शाम लगभग सात बजे दुकान बंद करके वह घर चली गईं। सोमवार सुबह 07:30 बजे उनका पुत्र दुकान की सफाई करने गया था। दुकान खोलने पर पता चला कि दुकान के पीछे की दीवार के नीचे से फर्श खोदी गई थी। इसी के रास्ते चोर अंदर घुसे और दुकान में रखे 40-42 मोबाइल फोन, चार्जिंग केबिल, पॉवरबैंक, आर्टिफिशियल ज्वैलरी व पुराने चांदी के पायल समेत लगभग छह लाख रुपये के सामान चोरी कर लिया। गल्ले में रखे तीन-चार हजार रुपये नकद भी गायब थे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।