बाबा बाजार। उमापुर गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे चैतराम गौतम के घर में अचानक आग लग गई। लपटों के बीच घर में रखा गैस सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। हादसे में घर का पूरा सामान जल गया और मकान मलबे में तब्दील हो गया। धमाके से आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं।
चैतराम की पत्नी संजू के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले घर में गैस की तेज दुर्गंध महसूस हुई थी। उन्होंने इसकी जानकारी पति को दी। चैतराम ने दरवाजा बंद कर सो जाने को कहा। कुछ देर बाद घर में रखे दूसरे सिलिंडर से अचानक लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। लपटें बेकाबू होते देख संजू अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से बाहर निकल गईं। उनके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके से घर में रखा सामान नष्ट हो गया।
उधर, हादसे की सूचना पर बाबा बाजार थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार आजाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। एसडीएम विनोद गुप्ता ने बताया कि नुकसान का आकलन करने के लिए लेखपाल को मौके पर भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दी जाएगी।