अयोध्या। चैत्र नवरात्र की शुरुआत से पहले ही शहर के फल बाजारों में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। 19 मार्च से नवरात्र शुरू हो रहे हैं, वहीं 21 मार्च को ईद का त्योहार है। ऐसे में व्रत और इफ्तार दोनों के लिए फलों की मांग बढ़ने से बाजारों में रोजाना अच्छी खरीदारी हो रही है।
रमजान के चलते जहां रोजेदार इफ्तार के लिए फल खरीद रहे हैं, वहीं नवरात्र में व्रत रखने वाले लोग भी फलाहार के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। दो बड़े पर्वों के एक साथ पड़ने से चौक, रिकाबगंज और सिविल लाइंस समेत प्रमुख बाजारों में ग्राहकों काफी भीड़ है। मांग बढ़ने के कारण फलों के दामों में भी तेजी आई है। केला, सेब, अनार और संतरा जैसे प्रमुख फलों के दाम करीब 30 से 40 रुपये तक बढ़ गए हैं। इसके बावजूद व्रत और इफ्तार की जरूरत के चलते लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में थोक स्तर पर भी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर खुदरा बाजार में दिख रहा है।
इनसेट -
चौक बाजार के फल विक्रेता मुकेश गुप्ता ने बताया कि रमजान में पहले से ही बिक्री अच्छी चल रही थी, लेकिन नवरात्र शुरू होने से पहले ग्राहकों की संख्या और बढ़ गई है। सुबह से देर रात तक लगातार ग्राहक आ रहे हैं। हर दिन तीन से चार हजार की बिक्री हो रही है।
चौक के दुकानदार इरफान खान ने बताया कि इफ्तार में फल जरूरी होता है, इसलिए रोजेदार हर दिन खरीदारी कर रहे हैं। 19 से नवरात्र भी शुरू हो रहा हैं, जिससे मांग और बढ़ गई है।
सिविल लाइंस के दुकानदार अमित वर्मा ने बताया कि दोनों पर्व एक साथ होने से कारोबार को काफी फायदा हुआ है। दाम बढ़े जरूर हैं, लेकिन ग्राहकों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। करीब तीन हजार की बिक्री हो रही है।
फल के दाम
केला- 70 से 80 रुपये दर्जन
सेब- 160 रुपये किलो
अंगूर- 160 से 180 रुपये किलो
पपीता- 60 रुपये किलो
संतरा- 100 रुपये किलो
अनार- 160 रुपये किलो
एवोकाडो- 200 रुपये किलो
बादामी चौसा आम- 400 रुपये किलो
तरबूज/खरबूजा- 40 रुपये किलो