रामपथ के प्रवेश मार्ग पर बारिश के दौरान गंतव्य की ओर जाते राहगीर व हुआ जलभराव।
अयोध्या। जिले में मंगलवार को मौसम का मिजाज अलग-अलग इलाकों में अलग रहा। शहर में दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट आई और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि लगातार बारिश से कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
जिले में सोमवार से ही मौसम बदला हुआ है। मंगलवार को बारिश का दायरा और बढ़ा। कुमारगंज क्षेत्र में सबसे अधिक 109.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सोहावल में 74 मिलीमीटर वर्षा हुई। अन्य ग्रामीण इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश की तीव्रता अलग-अलग होने से जिले के कई हिस्सों में मौसम का असर भी अलग नजर आया।
शहर में जहां लोग रिमझिम बारिश के बीच सामान्य गतिविधियों में जुटे रहे, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण खेतों और निचले इलाकों में पानी जमा हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार को यह 33 डिग्री था। 24 घंटे में अधिकतम तापमान करीब छह डिग्री नीचे आ गया।
न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान गिरने से दिन में गर्मी का असर कम रहा। वहीं, बारिश के साथ हवा में नमी भी बढ़ गई। मंगलवार को अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 98 और न्यूनतम 92 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि सोमवार को यह क्रमश: 89 और 68 प्रतिशत थी। 4.5 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही हवा से भी लोगों को राहत मिली। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान जिले में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
रामपथ के प्रवेश मार्ग पर बारिश के दौरान गंतव्य की ओर जाते राहगीर व हुआ जलभराव।