अयोध्या। नगर कोतवाली और रामजन्मभूमि थाने की पुलिस ने चोरी की छह बाइकों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह बाइकें दोनों थाना क्षेत्रों से आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुई हैं।
नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि बाइक चोरी के दो प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही थी। सोमवार की सुबह रेलवे स्टेशन से पोस्टमार्टम हाउस मार्ग के दाहिनी ओर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी किशन सोनी और कैंट थाना क्षेत्र के अहिरन का पुरवा निवासी सचिन यादव के रूप में हुई है। दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास है। उनके पास से चोरी की दो बाइक, 950 ग्राम गांजा और 320 रुपये मिले हैं।
वहीं, रामजन्मभूमि थानाध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि बाइक चोरी के मामलों की विवेचना के दौरान अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान तारुन क्षेत्र के टिकरी निवासी अमित सिंह और कोतवाली अयोध्या के आशापुर निवासी शुभम चौधरी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले रेलवे स्टेशन के पास से बाइक चोरी करके छिपा दिया था। मौका मिलते ही वह लोग बाइक बेचने की फिराक में थे।