अयोध्या। मांझा बरहटा में वन विभाग की टीम ने डेरा डाल दिया है। सोमवार की रात यहां के मौजा नेउर का पुरवा में हिंसक जानवर दिखने के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने तेंदुआ होने की बात कही है, जबकि वन विभाग का कहना है कि जांच में जो पगचिह्न मिले हैं वह तेंदुआ होने की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। क्षेत्रीय वनाधिकारी अरुण कुमार मौर्य का कहना है कि पगचिह्न सियार के लग रहे हैं। खेतों में लगातार कांबिंग की जा रही है। अभी तक जानवर पकड़ में नहीं आया है। गांव में फॉरेस्ट गार्ड सहित चार लोगों की टीम तैनात की गई है। ग्रामीण रामजीत का कहना है कि गांव में दहशत का माहौल है। लोग खेतों की ओर नहीं जा रहे हैं।