अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अयोध्या के जिला सहकारी बैंक लिमिटेड सभागार में किया गया।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत कृषकों का आर्थिक सशक्तीकरण और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देना है। योजना के तहत पात्र किसानों को कृषि कार्यों के लिए छह लाख तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से किस्त जमा करने वाले किसानों को ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। प्रदेश सरकार ने योजना के लिए 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
अगले पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। ऋण कृषि के साथ अन्य कृषि आधारित गतिविधियों के लिए भी लिया जा सकेगा। इसी अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा की भी शुरुआत हुई। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित यह डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक सशक्तीकरण और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। चालक सदस्य और अन्य हितधारक सहकारी व्यवस्था के तहत इससे जुड़ेंगे।