49-साकेतपुरी में बिजली के तार में लगी भीषण आग के बाद उठतीं आग की लपटें व धुंआ।-संवाद
अयोध्या। शहर के साकेतपुरी कॉलोनी के पास डक्ट में डालने के लिए रखे केबल और गुमटी में आग लगने से हलचल मच गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान गुमटी संचालक को काफी नुकसान हुआ है। कॉलोनी के कोने पर स्थित एक गुमटी के पीछे बिजली निगम के कार्यों के दौरान डाले जाने वाले डक्ट का सामान रखा था। दोपहर लगभग एक बजे केबल में आग लग गई। लपटों ने गुमटी को भी आगोश में ले लिया। आग की चपेट में आकर ककरहवा, देवकाली निवासी वंशराज की गुमटी, उसमें रखे सामान, दो किलोग्राम का सिलिंडर आदि जलकर राख हो गया। इससे थोड़ी दूरी पर खड़ी एक एसयूवी भी आग की चपेट में आ गई, जिसका एक टायर पिघल गया और पेंट का कलर उड़ गया। हालांकि, वहीं खड़े कुछ लोगों ने कार का शीशा तोड़कर न्यूट्रल करते हुए कार आगे बढ़ा दी। अग्निशमन अधिकारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि दो फायर टेंडर और एक छोटे वाहन के साथ टीम ने आग बुझाई है।