फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: बुखार और डायरिया का कहर, बच्ची की मौत

Thu, 30 May 2024 01:53 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
जिला अस्पताल में ओपीडी में बच्चों का उपचार करते चिकित्सक।  - फोटो : संवाद
विज्ञापन
अयोध्या। भीषण गर्मी और तेज धूप अब कहर ढा रही है। इसकी चपेट में आकर तेज बुखार और उल्टी-दस्त से पीड़ित एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि, चार घंटे में ही जिला अस्पताल में सात बच्चे डायरिया, बुखार, पेटदर्द आदि से पीड़ित होकर भर्ती हुए हैं। वयस्क और बुजुर्गों में भी प्रकोप बढ़ने से मेडिकल वार्ड फुल हो गया है। अब इन मरीजों को अन्य वार्डों में भर्ती किया जा रहा है।
विज्ञापन

पूराकलंदर थाना क्षेत्र के मऊ यदुवंशपुर निवासी किशनलाल ने डेढ़ वर्षीय पुत्री रिद्धिमा को तेज बुखार और उल्टी-दस्त होने पर मंगलवार की शाम करीब 06:30 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। उस समय रिद्धिमा के शरीर का ताप 104 डिग्री पहुंच गया था। उसे झटके आने लगे थे और दस्त भी नियंत्रित नहीं था। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने भर्ती करके इलाज शुरू किया तो रात में लगभग 10 बजे तक बुखार उतर गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इस बीच रात करीब दो बजे बच्ची की मौत हो गई।
वहीं, इनायतनगर के सारी निवासी प्रेमनाथ के पुत्र आलोक गुप्ता (11) को उल्टी-दस्त होने पर परिजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया। आराम नहीं हुआ तो दोपहर 12:15 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया। रुदौली के सराय नासिर निवासी अरविंद के दो वर्षीय पुत्र अंकुर, ताजपुर कोड़रा निवासी मो. शाकिर के पुत्र ताबिज खान (13) समेत सात बच्चे इन्हीं समस्याओं से पीड़ित होकर सुबह अस्पताल में भर्ती हुए।
विज्ञापन

उधर, नरियावां निवासी अमन श्रीवास्तव की पत्नी सेनू (38), शहर के हैदरगंज निवासी आकाश विश्वकर्मा (30) समेत सात मरीज इमरजेंसी ओपीडी में सुबह आठ से दोपहर 12:30 बजे के मध्य उल्टी-दस्त, बुखार, पेटदर्द जैसी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिन्हें भर्ती किया गया। 65 बेड का मेडिकल वार्ड फुल होने पर मरीजों को जनरल वार्ड, रिजर्व वार्ड, आयुष्मान भारत योजना वार्ड में भी भर्ती किया जा रहा है।
इनसेट
बच्चों को बुखार आए तो न करें नजरअंदाज
-जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों को धूप में बाहर न निकलने दें। हल्का सा भी बुखार आए तो नजरअंदाज न करें। बर्फ या ठंडे सूती कपड़े से बार-बार सिंकाई करें। आराम न होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचे। मेडिकल स्टोर संचालक से राय लेकर या इंटरनेट के जरिये इलाज करने से बचे।
इनसेट
सभी वार्डों में राउंड लेने में डॉक्टरों के छूट रहे पसीने
-मेडिसिन के मरीजों के अब सभी वार्ड में भर्ती होने से पूरे अस्पताल का राउंड लेने में फिजीशियन के पसीने छूट रहे हैं। इस वजह से ओपीडी में भी विलंब से पहुंचते हैं। बीच-बीच में भी उन्हें इमरजेंसी मामले देखने उठना पड़ रहा है, जिससे ओपीडी भी प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें