पूराबाजार। विकासखंड क्षेत्र के सरायराशी में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में पहले दिन सोमवार को महिला पहलवानों ने अपने दांव-पेच से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विभिन्न जिलों से आई पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों में लवकुश अकादमी बहराइच की दीक्षा ने 60 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में गोरखपुर, बागपत, अयोध्या, नंदिनी नगर और लव-कुश अकादमी बहराइच के पहलवानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। महिला पहलवान रितु सिंह और स्वाति सिंह ने कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत कराई। गोरखपुर की अनामिका ने सेमीफाइनल मुकाबले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन समिति के प्रमुख रणधीर सिंह लल्ला और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरायराशी के नेतृत्व में प्रतियोगिता संपन्न हुई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजमणि यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवबचन सिंह, जिला अध्यक्ष प्रमुख संघ शिवेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त प्राचार्य शीतल सिंह और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मुन्ना सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।