अयोध्या। लखनऊ से रामलला का दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु की बुधवार भोर में ऑटो पलटने से मौत हो गई। हादसा कोतवाली अयोध्या के रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस के पास हुआ है। लखनऊ के चारबाग निवासी रामवती (65) रामलला का दर्शन करने के लिए मंगलवार की शाम को घर से निकली थीं। बुधवार की सुबह लगभग चार बजे ट्रेन से उतरकर वह एक ऑटो रिक्शा से राम मंदिर जाने लगीं। ऑटो पर उनके साथ दो अन्य लोग भी सवार थे। स्टेशन रोड पर आगे बढ़ते ही एक कुत्ता अचानक आगे आ गया, जिसकी वजह से अनियंत्रित होकर ऑटो पलट गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें राजकीय श्रीराम अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाल अयोध्या मनोज शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।