अमानीगंज। मिल्कीपुर तहसील के मंझनपुर गांव में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण में अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का धरना-प्रदर्शन छह दिनों से जारी है। भाकियू के बैनर तले किसान निर्माणाधीन सड़क पर बैठे हैं। वे जून 2025 से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।
किसानों का आरोप है कि उनकी गाटा संख्या 255 में 25.5 एअर भूमि का गजट और रजिस्ट्री हुई थी लेकिन गजट एलाइनमेंट से हटकर 255 एअर भूमि का अधिग्रहण कर सड़क बनाई जा रही है। उन्हें इस अतिरिक्त भूमि का मुआवजा नहीं दिया गया है। किसानों ने मांग की है कि या तो गजट में संशोधन कर उचित मुआवजा दिया जाए अथवा केवल रजिस्ट्रीशुदा भूमि ही अधिग्रहित की जाए। भारतीय किसान यूनियन के तहसील महासचिव महादेव विश्वकर्मा ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का ठोस समाधान नहीं होगा, धरना जारी रहेगा। किसानों ने गांव से अमरगंज बाजार की तरफ जाने के लिए 84 कोसी पर एक अंडरपास बनाने की भी मांग की है। एसडीएम सुधीर कुमार ने धरना स्थल पहुंचकर किसानों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन किसान ठोस कार्रवाई पर अड़े रहे।
कई किसानों का यह भी आरोप है कि रजिस्ट्री करने के बावजूद उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला है। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजेश मिश्रा, जिला सचिव राजदेव यादव और महिला जिलाध्यक्ष शांति मौर्या भी धरने में मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी के आश्वासन के बावजूद किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और समाधान होने तक धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं।