बीकापुर। तहसील में मंगलवार को एक 65 वर्षीय वादकारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, विजयपुर सजहरा निवासी पूर्व प्रधान बरखू निषाद एसडीएम न्यायिक के न्यायालय में पेशी पर आए थे। वह लंबे समय से एक भूमि विवाद से जुड़े मामले में तहसील आ रहे थे। मंगलवार को उसी मामले में उनकी पेशी थी। तहसील परिसर में मौजूदगी के दौरान ही उनकी तबीयत खराब हुई और वे बेहोश हो गए। वहां मौजूद अधिवक्ताओं और तहसील कर्मियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस की मदद से उन्हें बीकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टर धर्मेंद्र रंजन ने जांच के बाद बरखू निषाद को मृत घोषित किया। घटना से तहसील में हलचल मच गई।घटना की जानकारी परिवार वालों को दी गई। आनन-फानन में परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बरखू निषाद का शव अपने साथ घर ले जाने का निर्णय लिया।