भेलसर। उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के पदाधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं ने मंगलवार को क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें खाद्यान्न वितरण के लाभांश और खाली बोरियों के लंबित भुगतान की मांग की गई। विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि मार्च, अप्रैल और मई की खाली बोरियां विपणन गोदामों में जमा कराई गई थीं। लेकिन अब तक उनका भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा, मार्च, अप्रैल, मई और जून में वितरित खाद्यान्न का लाभांश भी विक्रेताओं के खातों में नहीं पहुंचा है। कोटेदारों का कहना है कि समय पर भुगतान न मिलने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। दुकान संचालन, परिवहन व्यय और कर्मचारियों के भुगतान में कठिनाइयां आ रही हैं। तहसील अध्यक्ष दिलदार खां ने कहा, लगातार भुगतान में देरी होने से विक्रेताओं का मनोबल टूट रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश बंसल ने सभी लंबित भुगतानों के तत्काल निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश बंसल और तहसील अध्यक्ष दिलदार खां शामिल थे। ब्लॉक अध्यक्ष रुदौली रजनीश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष मवई रामतीरथ यादव और नगर अध्यक्ष सुबोध कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।