अयोध्या। गणतंत्र दिवस पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में शान-ओ-शौकत से परेड निकली। प्रदेश के आबकारी रज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने इसकी सलामी ली। इस दौरान उन्होंने एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, एसओजी प्रभारी अमरेश त्रिपाठी समेत 20 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में आबकारी मंत्री ने कहा कि भारत के लिए गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गौरव और सम्मान है। यह दिवस हर भारतीय का अभिमान है। अनगिनत वीर सपूतों की कुर्बानी के बाद भारत मां को 15 अगस्त, 1947 को आजादी मिली थी, लेकिन उसे आकार 26 जनवरी 1950 को मिला। क्योंकि इसी दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इससे पहले उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के साथ परेड का निरीक्षण किया और अधिकारी/कर्मचारियों को संविधान में उल्लिखित संकल्प की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने समाज में सहयोग, सौहार्द और शांति व्यवस्था में सहयोग करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रमों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे आदि मौजूद रहे।
इन्हें मिला सम्मान
एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी को पुलिस महानिरीक्षक की ओर से यूपी 112 का प्रशस्ति पत्र दिया गया। इसके अलावा निरीक्षक मणिशंकर तिवारी को राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक, मुख्य आरक्षी गंधर्व पाल को गृह मंत्रालय, भारत सरकार का अति उत्कृष्ट सेवा पदक, एसओजी प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी को शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक का उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिह्न, उपनिरीक्षक अशोक कुमार पांडेय, मुख्य आरक्षी शिवपूजन यादव को सेवाभिलेख के आधार पर पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न रजत, उपनिरीक्षक राधेश्याम को शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न रजत, एसओजी में तैनात मुख्य आरक्षी देवाशीष सिंह व सौरभ सिंह को शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक का सराहनीय सेवा सम्मान, अंकित राय व आनंद धर तिवारी को शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न दिया गया। वहीं, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय यूपी 112 की ओर से मुख्य आरक्षी विवेकानंद यादव, पंकज कुमार, श्याम बिहारी यादव, अमित कुमार, सर्वजीत कुमार, गिरिराज धरन यादव, दिनेश तिवारी, राजीव सिंह व रामप्रकाश को सराहनीय कार्य और बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।
40-पुलिस लाइन ग्राउंड में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में पुलिसकर्मियों की सलामी लेते अ
40-पुलिस लाइन ग्राउंड में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में पुलिसकर्मियों की सलामी लेते अ