अयोध्या। बिजली व्यवस्था पर बढ़ते दबाव के बीच मंगलवार को शहर के अंजनीपुरम, कैंट उपकेंद्र से जुड़े बालदा क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया। जली हुई केबल को बदलकर नई केबल लगाने के बाद आपूर्ति बहाल करने का प्रयास भी भीषण गर्मी में अत्यधिक लोड के कारण बेकार साबित हुआ। नई केबल भी लोड अधिक होने के कारण जल गई। इससे सप्लाई से जुड़े इलाकों में रात भर बिजली गुल रहने से लोग गर्मी से परेशान रहे।
अंजनीपुरम क्षेत्र के बालदा इलाके में सोमवार की रात अधिक लोड के कारण एबीसी केबल जलने लगी। शटडाउन लेकर बिजलीकर्मियों ने दो स्पैन नई केबल लगाई और कुछ देर बाद ही लाइन होल्ड करके आपूर्ति शुरू कराई गई, लेकिन अधिक लोड पड़ने से केबल दोबारा जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण पूरा इलाका रात में करीब 11:30 बजे से बिजली गुल होने के कारण अंधेरे में डूब गया। नई केबल लगाकर आपूर्ति बहाल करने में सुबह हो गई। इस कारण उमस भरी गर्मी के बीच लोगों को रात जाग कर काटना पड़ी।
उधर, नियावां उपकेंद्र के 11 केवी झारखंडी फीडर पर पोल शिफ्टिंग का कार्य होने के कारण मंगलवार सुबह 11:30 बजे आपूर्ति रोकनी पड़ी। यहीं के मुकेरी टोला स्थित 400 केवीए ट्रांसफार्मर से तेली टोला तक जाने वाली बिजली आपूर्ति भी दोपहर करीब तीन बजे तक बाधित रही। इस बीच भीषण गर्मी में उपभोक्ता व्याकुल रहे। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि लोड अधिक बढ़ने से कुछ इलाकों में दिक्कत आई थी। तत्काल मरम्मत करके संबंधित इलाकों में आपूर्ति बहाल की गई।