अयोध्या। शहर के देवकाली क्षेत्र में 12 बिस्वा जमीन का सौदा कर रकम लेने के बाद बैनामा न करने का आरोप लगा है। मामले में अंबेडकरनगर निवासी एक व्यक्ति ने सुल्तानपुर के तीन लोगों समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंबेडकरनगर के भीटी थाना क्षेत्र के गोशाई का पुरवा निवासी छोटेलाल निषाद के अनुसार, सुल्तानपुर के दियरा गांव निवासी प्रतीक शाही, प्रणय शाही और प्रतिभा शाही ने अपने सहयोगी जगदीश के साथ मिलकर देवकाली मौजा में 12 बिस्वा जमीन बेचने का सौदा किया था। परिचित होने के कारण उन्होंने जगदीश पर भरोसा किया।
आरोप है कि उनके बेटे महत्तम देव निषाद ने जगदीश के खाते में पांच लाख और प्रणय शाही के खाते में चार लाख रुपये भेजे। इसके अलावा 58 हजार रुपये खाते में और 42 हजार रुपये नकद दिए। 2.10 लाख रुपये के स्टांप खरीदकर सात नवंबर 2023 को अनुबंध का पंजीकरण भी कराया गया।
छोटेलाल का आरोप है कि बाद में चेक बाउंस कराकर अनुबंध निरस्त कराने के लिए अदालत में वाद दाखिल कर दिया गया। जगदीश को दिए गए 5.58 लाख रुपये न्यायालय के आदेश पर वापस मिल गए, लेकिन चार लाख रुपये, स्टांप की रकम और 42 हजार रुपये अब तक नहीं मिले। एसएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।