अयोध्या। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सोमवार को नगर निगम की टीम ने रेलवे स्टेशन से रामजन्मभूमि मंदिर मार्ग और आसपास की कॉलोनियों में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर ठेले लगने से आवागमन में आ रही बाधा का मामला भी उठा। नगर निगम अब अतिक्रमण हटाने के लिए सप्ताह में दो दिन अभियान चलाएगा।
सुबह महापौर गिरीशपति त्रिपाठी की अगुवाई में नगर निगम की टीम ने अयोध्या रेलवे स्टेशन के सामने से रामजन्मभूमि मंदिर मार्ग और आसपास की कॉलोनियों में सफाई की। सड़क किनारे जमा पॉलिथीन और कागज के टुकड़े हटाकर कूड़ेदान में डाले गए। दुकानदारों से प्रतिष्ठानों के आसपास सफाई बनाए रखने की अपील की गई। मच्छरों से बचाव के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग भी कराई गई।
सफाई अभियान के दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद को सड़क पर ठेले लगने से आवागमन में आ रही बाधा दूर करने के लिए नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन का सहयोग लेने को भी कहा। स्थानीय लोगों ने पेयजल आपूर्ति बाधित होने और करीब 15 दिन से पानी की लीकेज की समस्या उठाई। इस पर महापौर ने जल निगम के अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
शाम को महापौर ने ठेला संचालकों के साथ बैठक कर 31 अक्तूबर को प्रस्तावित सरयू महा स्वच्छता अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। इस दौरान राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज वाल्मीकि भी पहुंचे।
अभियान में पार्षद अर्चना श्रीवास्तव, माईवाड़ा मंदिर के महंत प्रदीप दुबे, मणि महोत्सव समिति के अध्यक्ष भवानी शंकर त्रिपाठी, सत्येंद्र श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त भरत भार्गव और सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता विनय बाघमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।