अयोध्या। शहर के कौशलपुरी उपकेंद्र से जुड़े कौशलपुरी कॉलोनी, जेबीपुरम समेत अन्य इलाकों में सोमवार रात नौ बजे से मंगलवार सुबह पांच बजे तक अंधेरे में रहे। आठ घंटे की कटौती से उमस भरी गर्मी में लोग व्याकुल होकर छटपटाते रहे। वहीं, कौशलपुरी के कुछ इलाकों में मंगलवार को दिन भर भी बिजली संकट बरकरार रहा।
कौशलपुरी निवासी सुरेश ने बताया कि रात में लगभग नौ बजे बिजली चली गई। काफी देर तक इंतजार करते रहे, बिजली नहीं आई तो बिजलीकर्मियों को फोन किया गया, लेकिन न तो बिजली विभाग के अधिकारियों का फोन उठा ना ही कोई जानकारी मिली। श्रेया शुक्ला ने बताया कि रात भर बच्चे गर्मी में व्याकुल रहे। बार-बार छतों पर जाकर, इधर-उधर टहलकर रात बिताना पड़ा। बच्चे की तबीयत भी गर्मी में खराब हो गई। सुबह उठने के समय बिजली आई। रात पर भर नींद न आने से दिन भर भी सब परेशान रहे। आशीष शर्मा ने बताया कि बार-बार बिजली की मरम्मत के लिए फोन करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आधी रात को इंवर्टर बैटरी भी डिस्चार्ज हो गई और घर में अंधेरा छा गया। छत पर मच्छरों के आतंक से एक पल भी ठहरा नहीं जा रहा था।
आधी रात खुला रोस्टर, मचा हाहाकार
सिविल लाइन क्षेत्र में रात लगभग 11 बजे रोस्टर खुलने से लगभग एक घंटे तक बिजली गुल रही। साधन संपन्न लोगोंं ने जेनरेटर से काम चला लिया, लेकिन अन्य लोगों को उमस भरी गर्मी में तड़पना पड़ा। एसी बंद होने से लोग पसीने में डूबे बैठे रहे। अधीक्षण अभियंता रामकुमार ने बताया कि लगभग एक घंटे के लिए रोस्टिंग होने से दिक्कत आई थी।