अयोध्या। दीपोत्सव से पहले रामनगरी के पर्यटन को नई रफ्तार देने की तैयारी जमीन पर उतर आई है। सरयू की लहरों पर बृहस्पतिवार को इलेक्ट्रिक क्रूज का संचालन शुरू हो गया। कमिश्नर राजेश कुमार ने क्रूज का उद्घाटन कर इसकी औपचारिक शुरुआत की। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह क्रूज पर्यटकों को अब जलमार्ग से रामनगरी के घाटों और सरयू के विहंगम दृश्य का दीदार कराएगा।
कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि क्रूज पूरी तरह इलेक्ट्रिक है और बैटरी से संचालित होगा। पिछले वर्ष भी इसका प्रयोग के तौर पर संचालन किया गया था। अब पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ इसे दोबारा नियमित रूप से संचालित करने की पहल की गई है। योजना के मुताबिक क्रूज गुप्तार घाट से कच्चा घाट तक चलेगा। डीएम शशांक त्रिपाठी ने बताया कि आयोजन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दीपोत्सव में शामिल होने वाले प्रतिभागियों ने सरयू आरती का रिहर्सल शुरू कर दिया है। संवाद