बाबा बाजार। अमौनी गांव में बृहस्पतिवार सुबह गोमती नदी में स्नान करते समय 70 वर्षीय महिला डूब गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। घाट पर महिला के कपड़े मिले, लेकिन पता नहीं चला। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाया। टीम ने नदी में देर शाम तक महिला की तलाश की।
अमौनी गांव निवासी इंद्रा (70) पत्नी राम मिलन रोज सुबह गोमती नदी में स्नान करने जाती थीं। बृहस्पतिवार को भी वह स्नान के लिए गई थीं। काफी देर बाद भी घर नहीं लौटीं तो परिजन घाट पर पहुंचे। वहां उनके कपड़े मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और एसडीआरएफ को बुलाया। महिला के डूबने की जानकारी मिलते ही घाट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
भोर में फिर होगी तलाश
सीओ रुदौली अरविंद सोनकर ने बताया कि देर शाम होने पर तलाशी अभियान रोक दिया गया। एसडीआरएफ टीम मौके पर मौजूद है। भोर होते ही फिर से तलाश शुरू कराई जाएगी।